लालढांग: भाजपा(BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता, सांसद और एनटीसीए के सलाहकार राजीव प्रताप रूडी ने बाघों के संरक्षण के लिए पार्क महकमे की ओर से उठाए जा रहे कदमों की सराहना की. साथ ही पिछले दिनों मोतीचूर रेंज में बाघ का रेडियो कॉलर निकलने की घटना को सामान्य करार देते हुए पार्क महकमे का बचाव किया है. भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने पार्क की चीला रेंज में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि एनटीसीए (राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण) बाघों के संरक्षण और उनके संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने पार्क महकमे की ओर से बाघों को ट्रांसलोकेट करने की दिशा में उठाये जा रहे प्रयासों की सराहना की.
गौरतलब है कि पार्क में कुछ दिनों पूर्व कॉर्बेट के झिरना से लाए नर बाघ का रेडियो कॉलर बाड़े में पाया गया था. यह नर बाघ बिना कॉलर के ही जंगल में भाग गया था. इस घटना के सामने आने के बाद ही वन महकमे की किरकिरी हो रही थी. साथ ही राज्य सरकार के इस प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट पर भी सवालिया निशान लग गए थे. रूडी ने प्रेस वार्ता कर पार्क को लेकर हो रही चर्चाओं पर विराम लग दिया. उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट सफल प्रोजेक्ट है और ऐसे अभियानों में अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती है. वहीं जल्द ही इस अभियान के तहत अन्य तीन बाघों को कॉर्बेट से यहां शिफ्ट किया जाएगा. वहीं उनकी सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है. इसको लेकर निर्देश जारी किए गए हैं. पार्क की हरिद्वार, मोतीचूर और कांसरो रेंज से गुजर रहे रेलवे ट्रैक को लेकर भी अहम मंत्रणा की गई है. इस रेल ट्रैक पर ट्रेनों के संचालन और पेट्रोलिग को लेकर पूरा खाका तैयार कर लिया गया है. जल्द ही उस पर अमल शुरू कर दिया जाएगा.
