जेम्स एंडरसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच के बाद संन्यास ले लिया है। लेकिन जाते-जाते एंडरसन ने भारतीय टीम के बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर बहुत बड़ी बात कह दी है। ये दोनों जब-जब टकराए तब-तब पूरे क्रिकेट जगत की नजरें इन पर थीं। इन दोनों की राइवलरी काफी दमदार मानी जाती है। साल 2014 में जब कोहली ने पहली बार इंग्लैंड का दौरा किया था तब एंडरसन ने उन्हें काफी परेशान किया था। इसके बाद लेकिन कोहली ने वापसी की और जब 2018 में वह इंग्लैंड गए तो एंडरसन को परेशान कर दिया। एंडरसन एक भी बार कोहली को आउट नहीं कर पाए। इन दोनों की प्रतिद्वंद्विता का लुत्फ पूरा क्रिकेट जगत लेता था। एक स्विंग का बादशाह तो एक रनों का अंबार लगाने में माहिर।
क्रिकेट की दुनिया में कुछ राइवलरी ऐसी होती हैं जो हमेशा याद रहती हैं। इनको देखकर ही मजा आता है। जेम्स एंडरसन और विराट कोहली की प्रतिद्वंद्विता भी कुछ ऐसी ही थी। विराट कोहली मौजूदा समय के महान बल्लेबाज। एंडरसन की गिनती भी महान तेज गेंदबाजों में होती है। एंडरसन ने लॉर्ड्स मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच के बाद अपना इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया। इसके बाद दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कोहली के साथ अपनी राइवलरी को लेकर बात रखी है।
लॉर्ड्स में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलने के बाद एंडरसन ने उनकी और कोहली के बीच की प्रतिस्पर्धा पर भी बात की। उन्होंने कहा, “आप काफी उतार-चढ़ाव देखते हैं। कुछ सीरीजों में आप शानदार महसूस करते हैं और कुछ में नहीं, बल्लेबाज आपसे बेहतर कर जाता है। विराट कोहली जब शुरुआत में आए थे तो मुझे लगता था कि मैं उन्हें हर बॉल पर आउट कर सकता हूं। लेकिन हाल ही में मुझे लगा कि मैं उन्हें आउट ही नहीं कर सकता। आप काफी छोटा महसूस करते हो।”
2018 में टीम इंडिया ने फिर इंग्लैंड का दौरा किया और इस बार सभी को इंतजार था कि कोहली किस तरह से एंडरसन का सामना करते हैं। कोहली ने इस बार डटकर उनका सामना किया। एंडरसन इस बार कोहली को एक भी बार आउट नहीं कर पाए और कोहली के बल्ले से इस दौरे पर 700 से ज्यादा रन निकले। तीन साल बाद 2021 में एंडरसन ने कोहली को इंग्लैंड में दो बार आउट किया।
