केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा अध्यक्ष करन माहरा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई बड़े नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने इस सीट से पूर्व विधायक मनोज रावत को फिर से मैदान में उतारा है। दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर हवाई घोषणाएं करने का आरोप लगाया है।
देहरादून। ग्रेस ने केदारनाथ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारक घोषित किए हैं। स्टार प्रचारकों की 40 सदस्यीय सूची में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों में प्रीतम सिंह एवं गणेश गोदियाल समेत प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को प्राथमिकता दी गई है।
केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव होना है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक एवं वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से पार्टी प्रत्याशी रहे मनोज रावत को उपचुनाव में भी उतारा है। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। उपचुनाव के लिए प्रदेश प्रभारी के अतिरिक्त दोनों सह प्रभारियों परगट सिंह एवं सुरेंद्र शर्मा, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल के साथ ही समस्त स्टार प्रचारक प्रदेश से ही बनाए हैं।
विधायकों में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी, मनोज तिवारी, मदन सिंह बिष्ट, तिलक राज बेहड़, ममता राकेश, हरीश धामी, विक्रम सिंह नेगी, आदेश सिंह चौहान, गोपाल सिंह राणा, अनुपमा रावत, खुशाल सिंह अधिकारी, सुमित हृदयेश, रवि बहादुर व लखपत सिंह बुटोला को सूची में स्थान दिया गया है।
