Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड: स्‍मार्ट मीटर को लेकर ब‍िजली व‍िभाग ने बदली योजना,पोस्टपेड आधार पर ही चुकाना होगा बिल

  1. ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं के बीच असमंजस को देख योजना बदली
  2. शुरुआत में पोस्टपेड आधार पर ही चुकाना होगा बिल
  3. 6.55 लाख स्मार्ट मीटर कुमाऊं मंडल में लगाने का लक्ष्य

हल्द्वानी। ऊर्जा निगम आधुनिक तकनीकी से युक्त बिजली के स्मार्ट मीटर लगवा रहा है। इसमें पहले मोबाइल फोन की तरह रिचार्ज कर यानी प्रीपेड मोड में सप्लाई देने की योजना थी, लेकिन उपभोक्ताओं में असमंजस को देख निगम ने नीति बदल दी है। ऐसे में स्मार्ट मीटर तो लगाया जाएगा, लेक‍िन बिल फिलहाल मौजूद व्यवस्था की तरह ही आएगा। इसमें कर्मी घर पर बिल देकर जाएगा और उसका भुगतान करना होगा। हालांकि, शुरुआत में कुछ समय तक ऐसा होगा। नई प्रणाली लोगों के समझ में आने के बाद प्रीपेड फीचर सक्रिय कर दिया जाएगा।

केंद्र सरकार की योजना के तहत बिजली के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। कुमाऊं मंडल में इसके लिए अडानी एनर्जी साल्यूशन के साथ अनुबंध हुआ है। तराई-भाबर में नगर और ग्रामीण इलाकों में मीटरों को बदला जाना है। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में सिर्फ नगर मुख्यालय में ही स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।

कुमाऊं में 6.55 लाख मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अनुबंधित कंपनी ने 2.50 लाख से अधिक घरों का सर्वे पूरा कर लिया है। वहीं, नैनीताल जिले में 1.82 लाख नए मीटर लगाए जाने हैं और अभी तक 70 हजार से अधिक घरों में सर्वेक्षण पूरा हो गया है। पहले चरण में ऊर्जा निगम के उपकेंद्रों, कार्यालय, अधिकारी और कर्मचारियों के आवासों को स्मार्ट मीटर से जोड़ा गया है। दूसरे चरण में सरकार कार्यालयों और भवनों में नए मीटर लगाने का काम लगभग पूरा हो गया है। इसी के साथ घरेलू कनेक्शनों के मीटर बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऊर्जा निगम ने काम में तेजी लाने को अनुबंधित कंपनी से टीम बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment