देहरादून: आईएसबीटी चौकी प्रभारी को रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने आईएसबीटी चौकी के 11 पुलिसकर्मियों का अन्य स्थानों पर स्थानांतरण कर दिया है। इसके साथ ही, एसएसपी ने पटेल नगर कोतवाली में अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाएं और पूरी कर्तव्यनिष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
गौरतलब है कि बुधवार शाम को, देहरादून विजिलेंस टीम ने पटेलनगर कोतवाली के अंतर्गत आईएसबीटी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक देवेंद्र खुगशाल को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद, एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देवेंद्र खुगशाल को निलंबित कर दिया है।
गुरुवार को, एसएसपी अजय सिंह ने कोतवाली पटेलनगर में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विवेचनाधीन मुकदमों और लंबित प्रार्थना पत्रों की जानकारी भी ली। इस क्रम में, उप निरीक्षक हर्ष अरोड़ा को चौकी प्रभारी झाझरा, थाना प्रेमनगर से चौकी प्रभारी आईएसबीटी, कोतवाली पटेलनगर नियुक्त किया गया। वहीं, उप निरीक्षक अमित कुमार शर्मा को चौकी प्रभारी झाझरा, थाना प्रेमनगर भेजा गया है।
