देहरादून: देहरादून में एक साइबर ठग ने एक आईएफएस अधिकारी को कस्टमर केयर का कर्मचारी बताकर 98 हजार रुपये का ठगी का शिकार बना दिया। आरोपी ने महिला अधिकारी से ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर क्रेडिट कार्ड का फर्जी उपयोग किया।
घटना के अनुसार, पीड़िता ने हाल ही में क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद उन्हें 25 फरवरी को आईसीआईसीआई बैंक से कार्ड प्राप्त हुआ। 25 मार्च को एक कॉल आई, जिसमें ठग ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बताया और कहा कि उन्हें सर्विस चार्ज के लिए कुछ जानकारी की आवश्यकता है। अपने झूठ को पुख्ता करने के लिए उन्होंने बताया कि बैंक ओटीपी या पिन नहीं मांगता, जिससे महिला अधिकारी विश्वास में आ गईं।
इसके बाद ठग ने उन्हें आई-मोबाइल एप खोलने के लिए कहा और विभिन्न सेटिंग बदलवाकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन सेटिंग बदली। कुछ समय बाद, जब उन्हें अपने मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से 98 हजार रुपये की कटौती का मैसेज मिला, तब उन्होंने उस नंबर पर कॉल की। ठग ने फिर से उन्हें आश्वस्त किया कि यह ट्रांजेक्शन अस्थायी है, लेकिन कुछ दिन बाद जब बैंक से उन्हें राशि जमा करने के लिए कॉल आई, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने कहा कि पीड़िता ने साइबर थाने में तहरीर दी थी।
