देहरादून: राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में ग्राम पंचायत जीवनवाला के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय योजनाओं को पूर्ण रूप से लागू करने और मूलभूत सुविधाओं का विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद ने हर घर में सोलर लाइट लगाने के लिए उरेडा एवं विद्युत विभाग को प्रोजेक्ट बनाने का निर्देश दिया, जिससे बिजली का बिल शून्य हो सके। इसके लिए सांसद निधि और सीएसआर फंड से धनराशि की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सोलर लाइट के लिए एक माह में प्रस्ताव तैयार करने की बात भी कही।
अमृत सरोवर योजना के तहत सांसद ने सरोवरों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा, जिससे स्थानीय रोजगार बढ़ सके। सांसद ने ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में महिला और बाल सभा के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के लिए बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
वे आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बैंकिंग सुविधाओं और ऋण वितरण पर भी जोर देते हुए विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास सुनिश्चित करने पर बल दिया। सांसद ने विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ प्राथमिकता पर पूर्ण करने के निर्देश दिए और पूर्ण कार्यों की जियोटैग फोटो उपलब्ध करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जीवनवाला में 93 कार्य स्वीकृत हुए, जिनमें से 87 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कुछ कार्य वित्तीय संकट के कारण शुरू नहीं हो पाए।
