रुद्रप्रयाग: एडीजी (अपर पुलिस महानिदेशक) वी. मुरुगेशन ने मंगलवार को केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के तहत, उन्होंने केदारनाथ धाम में स्थित नवीन पुलिस चौकी भवन और आवास की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनके यात्रा अनुभवों को सुना।

साथ ही, दर्शन के लिए प्रारंभ की गई टोकन काउंटर प्रणाली और श्रद्धालुओं की लाइन प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए, उन्होंने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर दर्शन हेतु लाइन और क्राउड मैनेजमेंट को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
इसके अलावा, एडीजी ने फाटा से सोनप्रयाग तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और यातायात निरीक्षक से पार्किंग और यातायात व्यवस्था की जानकारी हासिल की। उन्होंने सीतापुर और सोनप्रयाग में पार्किंग स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की, ताकि वाहनों की पार्किंग और एंट्री-एग्जिट प्रक्रिया सुचारु हो सके।

सोनप्रयाग/सीतापुर पार्किंग से शटल सेवा तक जाने वाली लाइन व्यवस्था और शटल संचालन की स्थिति की भी निगरानी की गई। एडीजी ने शटल सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित रखने पर जोर दिया, विशेष रूप से प्रातःकाल श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर लाइन व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने हेतु महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

