देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 11 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें उत्तराखंड की पहली योग नीति, उद्योगों के विकास के लिए नई नीति, और कर्मचारियों, पेंशनरों को गोल्डन कार्ड पर कैशलेस इलाज की सुविधा जैसी महत्वपूर्ण पहलें शामिल हैं।
1. स्थानीय व्यक्तियों के लिए ठेके की सीमा बढ़ाई गई
अब स्थानीय व्यक्तियों को 10 करोड़ रुपये तक ठेके दिए जा सकेंगे। इसके लिए अधिप्राप्ति नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
2. नई औद्योगिक नीति को स्वीकृति
औद्योगिक विकास के लिए एक नई नीति को मंजूरी दी गई, जो पांच वर्षों तक लागू रहेगी। नीति के तहत उद्योगों को चार श्रेणियों में बांटकर सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
3. उत्तराखंड योग नीति को मंजूरी
राज्य को योग के क्षेत्र में एक हब बनाने के लिए पहली बार उत्तराखंड योग नीति को मंजूरी दी गई।
4. स्वास्थ्य योजनाओं में सुधार
उत्तराखंड अटल आयुष्मान योजना और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजना में देनदारी के भुगतान के लिए 75 करोड़ रुपये का ऋण देने पर सहमति बनी।
5.मिथाइल अल्कोहल को विष में शामिल करना
मिथाइल अल्कोहल को विष की श्रेणी में शामिल करने के लिए उत्तराखंड विष एवं कब्जा नियमावली में संशोधन को स्वीकृति दी गई।
इन निर्णयों से उत्तराखंड के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है, साथ ही राज्य में औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
