Udayprabhat
uttrakhand

बुजुर्ग ने बेटी-दामाद पर 1.10 करोड़ की धोखाधड़ी का लगाया आरोप, बुजुर्ग ने थाने में दर्ज कराया मुकदमा

हरिद्वार: हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग ने अपनी ही बेटी और दामाद पर 1 करोड़ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। बुजुर्ग का कहना है कि एलआईसी और म्यूचुअल फंड में निवेश का झांसा देकर उनसे यह भारी-भरकम रकम हड़प ली गई। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रानीपुर पुलिस के अनुसार, पीड़ित महेश महाराज, निवासी दयानंद नगरी, ज्वालापुर, जो कि 2010 में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) से रिटायर हुए थे, ने शिकायत दर्ज करवाई है। उनके मुताबिक, उनके दो बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 13 लाख रुपये जमा थे — एक खाते में 93 लाख और दूसरे में 20 लाख रुपये।

महेश महाराज का आरोप है कि उनकी बेटी शोभा शर्मा और दामाद आशुतोष शर्मा (निवासी शिवालिक नगर) ने एलआईसी और म्यूचुअल फंड में निवेश करने की बात कहकर कई चेकों पर हस्ताक्षर करवा लिए। आरोप है कि दोनों ने बैंक कर्मियों की मिलीभगत से फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल करते हुए 90 लाख रुपये निकाल लिए, जबकि संयुक्त खाते से 20 लाख रुपये और निकाल लिए गए।

बुजुर्ग ने बताया कि उक्त धनराशि से न तो कोई एलआईसी पॉलिसी ली गई और न ही किसी योजना में निवेश किया गया। जब उन्होंने बैंक जाकर खाता विवरण निकलवाया, तब उन्हें पूरे फर्जीवाड़े का पता चला।

रानीपुर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Comment