हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार की गुंसाई गली में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार तीन हमलावरों ने एक होटल कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से कारोबारी अरुण कुमार, निवासी ग्राम सातला, जिला रोहतक (हरियाणा), गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना शाम करीब 6 बजे की है, जब अरुण कुमार होटल खन्ना रेजिडेंसी, जिसे उन्होंने हाल ही में लीज पर लिया था, के बाहर आइसक्रीम खा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी। अरुण के हाथ और पीठ में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद वे वहीं गिर पड़े। सरेआम फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी – एसपी सिटी पंकज गैरोला, शहर कोतवाल रितेश शाह और इंस्पेक्टर वीरेंद्र चंद्र रमोला – ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हमला हरियाणा से जुड़ी पुरानी रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रहा है। हमलावरों के भी हरियाणा से होने की आशंका जताई जा रही है।
घायल अरुण कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हैं और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
