Udayprabhat
uttrakhandहेल्थ

उत्तराखंड को मिले 220 नए डॉक्टर, दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में होगी तैनाती- UTTARAKHAND HEALTH DEPARTMENT

देहरादून: उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग को 220 नए चिकित्साधिकारी मिल गए हैं, जिससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्साधिकारी (बैकलॉग) भर्ती परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। चयनित डॉक्टरों को जल्द ही पहाड़ी जिलों के दूरस्थ अस्पतालों में तैनात किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने पीएमएचएस संवर्ग के अंतर्गत 276 रिक्त पदों के अधियाचन चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजे थे। इसके बाद बोर्ड ने 27 फरवरी 2025 को भर्ती प्रक्रिया की स्वीकृति दी। 7 से 20 मई तक साक्षात्कार की प्रक्रिया चली, जिसके बाद 220 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी की गई। कुछ आरक्षित श्रेणियों में पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण शेष पद अग्रिम भर्ती प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी दी कि चयनित चिकित्सकों की जल्द ही तैनाती कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन डॉक्टरों की नियुक्ति से विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी।

गौरतलब है कि इन दिनों राज्य में चारधाम यात्रा जारी है, जिसके चलते स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत और अधिक बढ़ गई है। नए डॉक्टरों की नियुक्ति से जहां तीर्थ यात्रियों को लाभ मिलेगा, वहीं स्थानीय निवासियों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Comment