Udayprabhat
uttrakhand

डेढ़ माह से लापता 17 वर्षीय छात्रा का अब तक नहीं चला कोई सुराग, परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

GIRL STUDENT MISSING IN RAMNAGAR.

रामनगर: रामनगर के टांडा मल्लू क्षेत्र से 17 वर्षीय एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा को गायब हुए डेढ़ महीने से ज्यादा हो गया है, लेकिन अब तक पुलिस उसे खोजने में असफल रही है। इस बीच उन्होंने स्थानीय कोतवाली से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

परिजनों के अनुसार, छात्रा 15 अप्रैल 2025 की शाम को अचानक घर से लापता हो गई थी। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो वे पुलिस की शरण में गए। पहले रामनगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, और इसके बाद कई बार उच्चाधिकारियों से भी मिलकर मदद की अपील की गई।

छात्रा के परिवार ने बताया कि वह 12वीं की छात्रा है और पूरी तरह से सामान्य मानसिक स्थिति में थी। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 45 दिन बीतने के बाद भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

रामनगर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज की गई है और नाबालिग की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Comment