नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने वजीरपुर और नई सब्ज़ी मंडी इलाकों में विशेष अभियान चलाकर 66 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनमें 20 पुरुष, 16 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी 11 परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रह रहे थे।
उत्तर-पश्चिम जिले के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि वजीरपुर जेजे क्लस्टर और एनएस मंडी इलाकों में कुछ बांग्लादेशी परिवार अवैध रूप से रह रहे हैं। इसके आधार पर 6 जून 2025 को पीएस भारत नगर, महेंद्र पार्क और एनएस मंडी पुलिस चौकियों की निगरानी में कार्रवाई की गई। पुलिस जांच में पता चला कि ये परिवार पहले हरियाणा के नूंह ज़िले के तैन गांव में ईंट भट्टों पर मजदूरी करते थे, लेकिन वहां सख्ती बढ़ने के बाद दिल्ली के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आकर बस गए। पुलिस से बचने के लिए ये लोग दो समूहों में बंटकर अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे।
पुलिस ने स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से जानकारी इकट्ठा की और गुप्त निगरानी के बाद छापेमारी कर इन्हें पकड़ा। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन और पहचान पत्र जानबूझकर छिपा दिए थे ताकि उनकी असली पहचान न उजागर हो सके। फिलहाल पुलिस ने इनकी देश वापसी (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
