झोपड़ी में सुलगी चिंगारी ने छीना सबकुछ, परिवार बेहाल.
बृजपाल की झोपड़ी बनी आग का शिकार, ग्रामीणों ने उठाई मुआवजे की मांग.
रामनगर : रामनगर के पुछड़ी गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक झोपड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, 17 जून की सुबह अचानक झोपड़ी से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।

आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में गांव के बृजपाल की झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग से झोपड़ी में रखा घरेलू सामान, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक मुआवजे की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके और वे दोबारा जीवन पटरी पर ला सकें।
