वायरल रील की चाहत में कानून की उड़ाई धज्जियां, पुलिस ने दिया करारा जवाब.
देहरादून: सोशल मीडिया पर ayanajmal-47 नामक आईडी से लगातार स्टंट ड्राइविंग और काले शीशों वाली थार से रैश ड्राइविंग की रीलें वायरल हो रही थीं। वायरल वीडियो में जिस वाहन का उपयोग किया गया, उसके आगे नंबर प्लेट नहीं थी और पीछे नंबर UK 07 FM 4441 अंकित था।
मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के तहत पुलिस टीम ने वाहन के पंजीकरण के आधार पर पता लगाया कि यह थार जमालुद्दीन पुत्र नूरुद्दीन, निवासी मित्र लोक कॉलोनी के नाम पर पंजीकृत है। बिंदाल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने जब इस वाहन को रोका तो चालक अयान कोई वैध दस्तावेज या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखा सका। जिसके बाद पुलिस ने वाहन सीज कर लिया।
वहीं, अयान के साथ दूसरी थार भी चल रही थी, जिसे उसका मित्र हर्ष चला रहा था। उस वाहन पर भी काली फिल्म लगी थी और चेकिंग के दौरान वह भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। उसे भी नियमों के उल्लंघन में सीज कर लिया गया। पूछताछ में अयान ने स्वीकार किया कि वह और उसका दोस्त हर्ष सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए स्टंट वीडियो बनाते थे और उसे अपने अकाउंट पर अपलोड करते थे।
