22 जून को डूबे थे आर्मी सप्लाई कोर के जवान हिमांशु मिश्रा, हल्द्वानी में थे तैनात, बरसाती नदी बना जानलेवा.
हल्द्वानी में तैनात सेना का जवान गूलरभोज नदी में डूबा, शव आज बरामद.
देहरादून/बाजपुर: उधम सिंह नगर ज़िले के गूलरभोज नदी में डूबे भारतीय सेना के जवान हिमांशु मिश्रा का शव आज सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है। कड़ी मशक्कत के बाद नदी से शव को बाहर निकाला गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 जून को गूलरभोज नदी में जवान के डूबने की सूचना पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। लेकिन अंधेरा और नदी में तेज बहाव के कारण उस समय रेस्क्यू अभियान सफल नहीं हो पाया।
आज सुबह पुनः शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जवान का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान हिमांशु मिश्रा, निवासी बेंगलुरु (कर्नाटक) के रूप में हुई है। वे भारतीय सेना की आर्मी सप्लाई कोर में तैनात थे और हाल ही में उनका तबादला हल्द्वानी हुआ था। उत्तराखंड में इन दिनों लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है, जिससे खतरा भी बढ़ा है। प्रशासन ने एक बार फिर नागरिकों से नदियों, गधेरों और जल स्रोतों के पास न जाने व नहाने से बचने की अपील की है।
