उपराष्ट्रपति का आर्मी हेलीपैड पर राज्यपाल गुरमीत सिंह, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया.
सेना के जवानों से की मुलाकात, हेलीपैड पर उपराष्ट्रपति ने सेना के जवानों से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया.
कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल.
25 जून को विश्वविद्यालय की फैकल्टी से करेंगे संवाद, 27 जून को शेरवुड कॉलेज में विद्यार्थियों को करेंगे संबोधित.
हल्द्वानी : देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत बुधवार को नैनीताल जिले के हल्द्वानी पहुंचे। हल्द्वानी आर्मी हेलीपैड पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, और हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने उपराष्ट्रपति का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति ने हेलीपैड पर मौजूद सेना के जवानों से मुलाकात की। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के बीच उपराष्ट्रपति बॉय रोड होते हुए नैनीताल राजभवन के लिए रवाना हुए।
उपराष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान आज 25 जून को कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इसके अलावा वे विश्वविद्यालय की फैकल्टी के साथ संवाद भी करेंगे। वहीं 27 जून को नैनीताल के शेरवुड कॉलेज में विद्यार्थियों को संबोधित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि उपराष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनज़र 400 से अधिक पुलिसकर्मी, तीन कंपनी पीएसी, एक कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स, आईबी, एटीएस, और ड्रोन सर्विलांस सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
