तीन प्रमुख स्थानों पर पार्किंग तैयार, कोरोनेशन, तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड, सीमित स्थान में अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा, पार्किंग क्षमता 18 से 132 वाहनों तक.
कोरोनेशन में स्टाफ पार्किंग से मरीजों को भी मिला लाभ, स्टाफ की पार्किंग अलग होने से मरीजों और तीमारदारों के लिए खुला अतिरिक्त पार्किंग स्थान.
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर राजधानी में ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग योजना जल्द ही जनता को समर्पित की जाएगी। इस अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा का लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शीघ्र ही किया जाएगा।
योजना के पहले चरण में जिला चिकित्सालय कोरोनेशन, तिब्बती मार्केट, और परेड ग्राउंड में यह स्मार्ट पार्किंग तैयार की गई है। कोरोनेशन अस्पताल में पार्किंग के संचालन के लिए एक तकनीकी ऑपरेटर की नियुक्ति भी कर दी गई है, जो इसे सफलतापूर्वक चला रहा है। पार्किंग सुविधा स्वचालित प्रणाली से युक्त है, जो सीमित स्थान में अधिक वाहनों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से पार्क करने की क्षमता रखती है। इसके अतिरिक्त, इन पार्किंग यूनिट्स को जरूरत पड़ने पर अन्य स्थानों पर स्थानांतरित भी किया जा सकता है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के आधुनिक और स्मार्ट उत्तराखण्ड के विज़न को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। कोरोनेशन पार्किंग चिकित्सालय को हैंडओवर कर दी गई है, जहाँ डॉक्टरों और नर्सों के वाहन अब स्वचालित रूप से पार्क हो रहे हैं। इन पार्किंग स्थलों के सुचारु संचालन हेतु दो कुशल तकनीकी ऑपरेटरों की नियुक्ति की गई है। साथ ही जिला योजना मद से पार्किंग का बीमा कवर भी प्रदान किया जा रहा है। कोरोनेशन परिसर में स्टाफ पार्किंग बनने से अब मरीजों और तीमारदारों को अधिक स्थान मिल पाया है।
जिला प्रशासन की यह पहल शहर को ट्रैफिक जाम से राहत देने की दिशा में एक सार्थक और नवाचारी प्रयास है। भविष्य में अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार की स्मार्ट पार्किंग सुविधा विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
