देहरादून: जन संघर्ष मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह से मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विकासनगर बाजार और हरबर्टपुर चौक पर आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने, नशा तस्करी पर रोक लगाने और गौ तस्करी व हत्या जैसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
अजय सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा दिया।
शर्मा ने कहा, “नशा तस्करी और गौ तस्करी जैसे अपराधों में कुछ नेताओं और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से यह कारोबार फल-फूल रहा है। यह गठजोड़ समाज के लिए खतरनाक बन चुका है, जो युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल रहा है। अभिभावक बेहद चिंतित हैं, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह समस्या जड़ें जमा चुकी है।” उन्होंने कहा कि नशे में धुत्त वाहन चालकों द्वारा सड़क हादसों में अब तक कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।
ज्ञापन में उठाई गई मुख्य मांगें:
विकासनगर और हरबर्टपुर में जाम से स्थायी निजात दिलाने के उपाय.
नशा कारोबारियों और उनके राजनीतिक/प्रशासनिक संरक्षकों पर कार्रवाई.
गौ तस्करी व हत्या के मामलों में कठोर कानूनी दंड.
नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी और सख्ती.
जन संघर्ष मोर्चा ने प्रशासन से अपील की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मुद्दों पर तत्काल प्रभाव से कठोर और प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
