Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

श्रावण मास कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर डीजीपी दीपम सेठ ने दिए सुरक्षा, समन्वय और जनसहयोग को लेकर सख्त निर्देश

श्रावण मास कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर देहरादून में उच्चस्तरीय पुलिस गोष्ठी आयोजित.
हरकी पैड़ी से लेकर सीमावर्ती जिलों तक सख्त सुरक्षा, निगरानी और यातायात योजना लागू होगी.
श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून व्यवस्था के लिए उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध: डीजीपी.

देहरादून: श्रावण मास कांवड़ मेला 2025 की व्यापक तैयारियों को लेकर पटेल भवन सभागार, देहरादून में उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक (DGP)  दीपम सेठ की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न जनपदों के पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया। डीजीपी ने कहा कि कांवड़ मेला एक अत्यंत विशाल धार्मिक आयोजन है, जिसकी शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने तैयारियों को लेकर निम्न प्रमुख निर्देश दिए:

संवेदनशील, अतिसंवेदनशील और अतिभीड़ वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षित पुलिस बल, महिला पुलिस और रिज़र्व टीमें तैनात हों। ATS, बम डिस्पोजल यूनिट और इंटेलिजेंस टीमें भी रणनीतिक स्थानों पर सक्रिय रहें।

स्पष्ट ट्रैफिक प्लान बनाकर कांवड़ रूट, वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल तय किए जाएं। इसका प्रचार सीमावर्ती राज्यों तक होर्डिंग्स और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए। पैदल व डाक कांवड़ियों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग सुनिश्चित हों।

ड्रोन, CCTV, बॉडी वॉर्न कैमरों से 24×7 निगरानी रहे। नियंत्रण कक्ष में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) निरंतर सक्रिय हो। सोशल मीडिया पर अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

श्रद्धालुओं के लिए जल, चिकित्सा, शौचालय, विश्राम स्थल, शिविर आदि की व्यवस्था स्थानीय प्रशासन के सहयोग से हो। ठहरने वाले सभी व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य किया जाए।

सीमावर्ती राज्यों से समन्वय स्थापित कर मॉक ड्रिल, SOP, आपदा प्रबंधन की तैयारी पूरी की जाए। नीलकंठ मंदिर, हरकी पैड़ी, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा जैसे भीड़ वाले क्षेत्रों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाई जाए।

मांस, शराब, मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध हो। श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस पूर्ण समर्पण, सेवा भावना और अनुशासन के साथ कार्य कर रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कांवड़ मेला 2025 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल हो।

 

 

Leave a Comment