हरिद्वार/देहरादून: कांवड़ मेला 2025 को लेकर आज हरिद्वार स्थित मेला कंट्रोल भवन में अंतरराज्यीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने की। इसमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने बैठक के बाद बताया कि मेले के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी राज्यों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे हॉकी स्टिक, बेसबॉल बैट जैसी वस्तुएं साथ न लाएं। साथ ही, अत्यधिक बड़े आकार की कांवड़ और तेज डीजे बजाने पर भी प्रतिबंध को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को देखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। अन्य राज्यों के अधिकारियों के साथ रूट डाइवर्जन, कांवड़ियों के पंजीकरण और दुकानदारों की पहचान को लेकर भी माइक्रो स्तर पर चर्चा हुई। तय किया गया है कि किस दिन कहां-कहां यातायात डायवर्जन रहेगा। इस वर्ष भी पूर्ववत व्यवस्था लागू रहेगी।
उत्तराखंड पुलिस ने अब तक 50 बड़े डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर दिया है, जिसमें निर्धारित मानकों के पालन की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही, केंद्र सरकार से 20 पैरामिलिट्री कंपनियों, 5 बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मांग की गई है। मेला सुरक्षा में 3500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
