उधमसिंह नगर: इंडसइंड बैंक से 29.5 करोड़ रुपये की अवैध निकासी के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी रामकुमार उर्फ ‘चेयरमैन’ को पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है।
रामकुमार ने अपने संगठित गिरोह के साथ मिलकर फर्जी चेक और नकली हस्ताक्षरों के जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और भूमि अधिग्रहण अधिकारी के खातों से करोड़ों रुपये निकाल लिए थे। गिरोह की कुल योजना करीब 300 करोड़ की धोखाधड़ी की थी, लेकिन समय रहते पुलिस की सक्रियता से यह मंसूबा नाकाम हो गया।
पुलिस जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी सरोगेसी के जरिए पिता बनने की योजना बना रहा है। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और महिला मित्र की मदद से उसे सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया।
रामकुमार पर दिल्ली और हरियाणा में हत्या, लूट और धोखाधड़ी समेत 18 से अधिक संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले अपने गांव की सहकारी समिति का चेयरमैन भी रह चुका है और घोषित हिस्ट्रीशीटर है। हमेशा ठिकाने बदलते हुए वह पुलिस को चकमा देता रहा। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने टीम को 5,000 रुपये का अतिरिक्त इनाम देने की घोषणा की। पहले से ही रामकुमार पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था।
