देहरादून: उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से जारी झमाझम बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। मलबा और चट्टानों के गिरने से कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं, जबकि कई स्थानों पर पुल भी बह गए हैं। इससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है, और लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
मौसम विभाग ने 30 जून को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट और येलो अलर्ट के तहत चेतावनी दी गई है।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। राजधानी देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जहां अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 22°C रहने की संभावना है।
इसी के मद्देनज़र, नैनीताल की डीएम वंदना सिंह ने 30 जून को जिले के सभी आंगनबाड़ी और स्कूलों (सरकारी और निजी) में छुट्टी घोषित की है। इसके साथ ही, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने भी राज्य के सभी जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के शासकीय, गैर-शासकीय, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 30 जून 2025 को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

