Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा अचानक, 11 मजदूर नदी में फंसे, पुलिस-एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

विकासनगर: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह नदी-नाले उफान पर हैं और हादसों का खतरा बढ़ गया है। इसी क्रम में विकासनगर क्षेत्र के बाढ़वाला साधना केंद्र के पास यमुना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे नदी किनारे काम कर रहे 11 मजदूर और एक ट्रैक्टर बीच नदी में फंस गए।

मिली जानकारी के अनुसार, डाकपत्थर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत यमुना नदी के किनारे कुछ मजदूर दैनिक मजदूरी पर कार्य कर रहे थे। इनमें चार महिलाएं और सात पुरुष शामिल थे। सभी काम में इतने व्यस्त थे कि उन्हें नदी के बढ़ते जलस्तर का अंदाजा नहीं लग सका। देखते ही देखते पानी का बहाव तेज हो गया और सभी मजदूरों के साथ एक ट्रैक्टर नदी के बीच फंस गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही डाकपत्थर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।  पुलिस ने बताया कि सुबह मजदूरों के फंसे होने की जानकारी मिली थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू टीम को रवाना किया गया और सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।

गौरतलब है कि राज्य में लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद लोग खतरा मोल लेकर नदी किनारे काम कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

Leave a Comment