Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में 14 फर्मों पर सीआईयू का छापा, 6 करोड़ की जीएसटी चोरी का भंडाफोड़, वसूले 2.31 करोड़ रुपये

रुड़की : उत्तराखंड राज्य कर विभाग की केंद्रीयकृत आसूचना इकाई (CIU) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून और रुड़की में आयरन-स्टील वर्क कांट्रेक्टर से जुड़ी 14 फर्मों पर एक साथ छापेमारी की। इन फर्मों पर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ उठाकर जीएसटी चोरी करने का आरोप है। इस दौरान विभाग ने मौके पर ही 2.31 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली कर ली है।

राज्य कर आयुक्त सोनिका के दिशा-निर्देश में की गई इस कार्रवाई में सामने आया कि कुछ फर्में बंद हो चुकी दिल्ली और उत्तर प्रदेश की कंपनियों से माल खरीद दिखाकर फर्जी आईटीसी क्लेम कर रही थीं। विभाग ने यह जानकारी जीएसटी पोर्टल, ई-वे बिल और बिजनेस इंटेलिजेंस पोर्टल से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर जुटाई।

घरों से चलाई जा रही थीं फर्में:

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ फर्में घर से ही संचालित हो रही थीं, और एक ही परिवार के कई सदस्य इन फर्जीवाड़ों में शामिल थे। उपायुक्त निखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि 12 फर्मों के व्यापारिक ठिकाने मिले हैं, जबकि 2 फर्में आवासीय परिसरों से चलाई जा रही थीं।

फर्जी दस्तावेज और ग़लत ई-वे बिल:

इन फर्मों ने जिन वाहनों से माल ढुलाई दर्शाई थी, उनमें से कई उस दौरान अन्य राज्यों में मौजूद पाए गए। कुछ वाहनों ने तो आपूर्ति करने वाले और प्राप्तकर्ता के बीच के टोल प्लाजा तक पार नहीं किए, जिससे ई-वे बिल की सच्चाई पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

6 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी का अनुमान:

विभाग की प्रारंभिक जांच में 6 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी का अनुमान लगाया गया है। पूरे प्रकरण में और गहन जांच जारी है, और आने वाले दिनों में और भी फर्मों पर कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Comment