सोशल मीडिया पर शिकायतों के बाद SDM नवाजिश खलिक ने छापेमारी कर पकड़ी गड़बड़ियाँ, स्टॉक रजिस्टर भी मिला अधूरा.
देहरादून। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में शराब की दुकानों पर एम.आर.पी. से अधिक मूल्य वसूलने की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया। उपजिलाधिकारी (SDM) नवाजिश खलिक ने खुद ग्राहक बनकर एक शराब की दुकान पर रियलिटी चेक किया, जिसमें ओवररेटिंग की पुष्टि हुई।
शिकायतें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आ रही थीं कि दुकानदार ग्राहकों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल रहे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी वंदना सिंह ने SDM को जांच के निर्देश दिए। जांच के तहत नवाजिश खलिक ने भीमताल की एक शराब दुकान पर छापा मारा।
SDM ने मौके पर एक बोतल शराब खरीदी और पाया कि निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे लिए जा रहे हैं। जब उन्होंने इस पर सवाल किया तो सेल्समैन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद SDM ने अपनी पहचान उजागर की और दुकान के लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की जांच की।
जांच में यह भी सामने आया कि दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं था और ग्राहकों से नियमों के विरुद्ध स्वाइप मशीन के माध्यम से अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा था। SDM ने पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी को सौंप दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं से MRP से अधिक राशि लेना कानूनन अपराध है, और भविष्य में इस तरह की शिकायतों को और अधिक गंभीरता से लिया जाएगा।
