औचक निरीक्षण के बाद जिला अस्पताल की तर्ज पर ऋषिकेश उप जिला चिकित्सालय में सुविधाएं उन्नत करने के निर्देश; दवाई वितरण व्यवस्था में भी हुआ सुधार.
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल जिले में सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में वे समय-समय पर सरकारी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परख रहे हैं।
विगत दिवस ऋषिकेश उप जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में आधुनिक टीकाकरण कक्ष विकसित करने के निर्देश दिए थे, जिस पर त्वरित अमल शुरू हो गया है। अब टीकाकरण कक्ष का विस्तारीकरण कर उसे खुले एवं हवादार स्थान में संचालित किया जाएगा। साथ ही बच्चों के अनुकूल सजावट, पंजीकरण काउंटर, बैठने की समुचित व्यवस्था और एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान दवाई वितरण कक्ष की खिड़की बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने महिला, पुरुष, बुजुर्ग और सामान्य मरीजों के लिए अलग-अलग वितरण काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए थे। अब चिकित्सालय में नई दवा वितरण खिड़की खोल दी गई है।
डीएम ने चंदन लैब और टीकाकरण कक्ष की व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही, अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के दो रिक्त पद और ब्लड बैंक में आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला अस्पताल की तर्ज पर ऋषिकेश अस्पताल में भी मॉडल टीकाकरण कक्ष विकसित हो, जिसमें बच्चों के मनोरंजन की सुविधा, वातानुकूलन और आरामदायक बैठने की व्यवस्था शामिल हो। जिलाधिकारी ने कोरोनेशन ब्लड बैंक के निर्माण को युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इसके लिए आवश्यक उपकरणों की योजना बनाकर शीघ्र शासन को भेजने का आदेश दिया गया है।
