उत्तराखंड निवासी युवक से क्रिप्टो निवेश के नाम पर की गई ठगी, आरोपी ने फर्जी ऐप बनाकर झांसा दिया था.
देहरादून: क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर 62.50 लाख की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को एसटीएफ ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से गिरफ्तार किया है। आरोपी वेलमुरुगन फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के ज़रिए लोगों से संपर्क करता था और फिर उन्हें क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश के लिए उकसाता था। विश्वास जीतने के लिए वह पहले कुछ राशि मुनाफे के रूप में लौटाता था।
नैनीताल निवासी युवक ने शिकायत में बताया कि “आरुषि रॉय” नाम की युवती से मैट्रिमोनियल साइट पर पहचान हुई। बातचीत के बाद युवती ने खुद को कंबोडिया में व्यापारी बताया और एक क्रिप्टो ट्रेडिंग ऐप का लिंक भेजा। ऐप पर दिखाए गए नकली मुनाफे के झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग खातों में लाखों रुपए ट्रांसफर किए।
कुछ समय बाद जब न तो पैसे लौटे और न ही युवती से संपर्क हो पाया, तब युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। साइबर सेल की जांच में आरोपी की पहचान वेलमुरुगन निवासी तमिलनाडु के रूप में हुई। उत्तराखंड एसटीएफ ने कोयंबटूर से उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेज दिया है।
