आरोपी के पास से 0.26 ग्राम एलएसडी जब्त, ड्रग्स डाक से मंगवाया गया, खुद के सेवन के लिए रखा था.
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा के दौरान पहली बार ड्रग्स से जुड़ा मामला सामने आया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) देहरादून की टीम ने महाराष्ट्र के एक युवक को एलएसडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
एनसीबी को यह जानकारी देश के अन्य इलाकों में हुई पूछताछ से मिली थी। इसी आधार पर 3 जुलाई को टीम फाटा पहुंची और गुप्तकाशी पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। आरोपी शशिकांत के पास 0.26 ग्राम एलएसडी ड्रग्स मिली, जो उसने डाक के जरिए मंगवाई थी और खुद के इस्तेमाल के लिए रखी थी।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि यह केदारनाथ यात्रा और स्थानीय क्षेत्र में एलएसडी से जुड़ा पहला मामला है। इस घटना के बाद पुलिस ने यात्रा मार्ग और आस-पास के इलाकों में जांच और सख्त कर दी है।
एलएसडी एक खतरनाक नशीला पदार्थ है, जिसे आमतौर पर कागज के टुकड़ों पर लगाया जाता है और सेवन किया जाता है। यह रंगहीन, गंधहीन और स्वादहीन होता है, और इसे ‘एसिड ट्रिप’ भी कहा जाता है। एनसीबी आरोपी से और लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है और जांच जारी है।
