Udayprabhat
uttrakhandक्राइमदेहरादून

Dehradun Crime: मजाक बना मौत का कारण, कहासुनी के बाद दोस्त ने सिर पर हथौड़ा मारकर की हत्या

दून क्लब के पास मामूली कहासुनी ने ली हिंसक मोड़; अस्पताल ले जाते वक्त दोस्त ने ही कर दी दोस्त की निर्मम हत्या.

देहरादून: एक मामूली मजाक ने वर्षों पुरानी दोस्ती को खून में रंग दिया। दून क्लब के पास शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक ने अपने ही दोस्त की सिर पर हथौड़ा मारकर निर्मम हत्या कर दी।

इंदिरा नगर निवासी राजमिस्त्री शिबरन साहनी ने करनपुर निवासी संतोष साहू के सिर पर हथौड़ा मारकर उसकी जान ले ली। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर मजाक में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पहले झगड़ा हुआ, फिर संतोष के कड़े से शिबरन घायल हो गया।

बात शांत होने के बाद संतोष, जो दून क्लब के पास सब्जी का ठेला लगाता था, घायल शिबरन को अस्पताल ले जाने के लिए अपने स्कूटर पर बैठाकर निकला। लेकिन रास्ते में रोजगार तिराहे के पास शिबरन ने अपने थैले से हथौड़ा निकाला और संतोष के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद दोनों स्कूटर से गिर पड़े, लेकिन शिबरन ने हमला जारी रखा। राहगीरों ने किसी तरह घायल संतोष को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक संतोष मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था, जबकि शिबरन बिहार का निवासी है। दोनों लंबे समय से दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे।

यह घटना न केवल एक गंभीर आपराधिक कृत्य है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि छोटी-छोटी कहासुनियों को गंभीरता से लेना और समय रहते समाधान निकालना कितना ज़रूरी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

 

Leave a Comment