Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी में नगर पालिका बनाम जल संस्थान विवाद, पानी कनेक्शन काटे जाने से उपजा तनाव..जानिये पूरा मामला ?

स्टाफ रूम पर कब्जे और पानी कनेक्शन काटने के आरोपों से गरमाया मामला, सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक में होगी समीक्षा.

मसूरी:  पहाड़ों की रानी मसूरी में प्रशासनिक स्तर पर तनाव गहरा गया है। नगर पालिका और गढ़वाल जल संस्थान के बीच अधिकारों और कार्यक्षेत्र को लेकर टकराव ने गंभीर रूप ले लिया है। दोनों विभागों के बीच तनातनी का असर अब कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता पर भी पड़ने लगा है।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब नगर पालिका का एक कर्मचारी जल संस्थान के एक स्टाफ रूम में घुसा। गढ़वाल जल संस्थान ने आरोप लगाया कि कर्मचारी ने बिना आधिकारिक अनुमति के रूम पर कब्जे की कोशिश की, जिसे संस्थान के कर्मचारियों ने रोकते हुए कक्ष को दोबारा अपने नियंत्रण में ले लिया।

इस पर नगर पालिका प्रशासन ने पलटवार करते हुए जल संस्थान पर गंभीर आरोप लगाए कि उन्होंने बिना सूचना के पालिका कर्मचारियों के पानी के कनेक्शन काट दिए। अधिशासी अधिकारी तंवीर महवाह ने कहा, “हमने जल संस्थान को अपनी भूमि पर कार्यालय स्थापित करने की अनुमति दी थी, लेकिन अब वही संस्थान हमारे कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रहा है।”

वहीं, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने सफाई दी कि “स्टाफ रूम पर अवैध कब्जे की कोशिश हो रही थी, जिसे रोकना जरूरी था।”

हालांकि बाद में हालात कुछ सामान्य हुए जब जल कनेक्शन दोबारा जोड़ दिए गए, लेकिन विभागीय तनाव अभी बरकरार है। अब यह मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है और सोमवार को दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बैठक तय की गई है।

इस घटनाक्रम से स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आपसी समन्वय की कमी के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Comment