Udayprabhat
uttrakhandweather

उत्तराखंड में मौसम का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी, कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। देहरादून मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई स्थानों पर संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की अपील की गई है। देहरादून में दिनभर बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30°C रहने का अनुमान है।

नैनीताल जिले के रामनगर में अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, तेज बारिश के कारण रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बेलगढ़ नाला उफान पर आ गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। प्रशासन ने फिलहाल वाहनों की आवाजाही रोक दी है और लोग पानी का बहाव कम होने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Comment