देहरादून: देशभर में लोन ऐप के जरिये 750 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) अभिषेक अग्रवाल को उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी थाईलैंड भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।
एसटीएफ के अनुसार, अभिषेक अग्रवाल ने चीनी नागरिकों के साथ मिलकर कई फर्जी शेल कंपनियां बनाई थीं। इन कंपनियों के माध्यम से फर्जी लोन एप्लिकेशन बनाए गए, जिनके जरिये लोगों को लोन देने के नाम पर ठगी का जाल फैलाया गया। पैसे देने के बाद जबरन वसूली, धमकी और निजी डाटा लीक करने जैसे हथकंडे अपनाए गए।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर के अनुसार, अभिषेक ने गुरुग्राम के अंकुर ढींगरा के साथ मिलकर इन कंपनियों को संचालित किया। इन शेल कंपनियों में कई चीनी नागरिकों को सह-निदेशक बनाया गया था और ठगी से कमाई गई अधिकांश रकम चीन भेजी गई।
इस मामले में 2022 में केस दर्ज हुआ था और 2023 में अंकुर ढींगरा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अभिषेक तब से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी से मामले के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
