Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

भारत ने इंग्लैंड को 336 रनों से हराया, शुभमन गिल और आकाशदीप ने रच दिया इतिहास

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में 336 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने जहां कई रिकॉर्ड तोड़े, वहीं युवा तेज गेंदबाज आकाशदीप और कप्तान गिल ने व्यक्तिगत रूप से भी ऐतिहासिक प्रदर्शन किया।

तेज गेंदबाज आकाशदीप ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाते हुए कुल 10 विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर का पहला ही मैच था, जिसमें उन्होंने पांच विकेट हॉल भी हासिल किया। वह इंग्लैंड में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े दर्ज करने वाले पहले खिलाड़ी बने, और एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज भी।

वहीं कप्तान शुभमन गिल ने भी बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 161 रन बनाकर कुल 430 रन बनाए। इसके साथ ही वह एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। विश्व क्रिकेट में यह किसी भी खिलाड़ी द्वारा टेस्ट में बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत योग है।

टीम इंडिया की यह जीत विदेशी धरती पर रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉर्थ साउंड में 318 रनों की जीत का था।

शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर पहली बार टेस्ट मैच जीता है। इससे पहले भारत ने 1967 से लेकर अब तक इस मैदान पर 8 टेस्ट खेले थे, जिनमें से 7 में हार और एक ड्रॉ रहा। गिल की अगुआई में मिली यह जीत एजबेस्टन में भारत की 58 साल बाद पहली जीत है, जो ऐतिहासिक मानी जा रही है।

Leave a Comment