Udayprabhat
uttrakhand

नैनीताल में हरियाणा के पर्यटकों ने की स्टंटबाजी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने जब्त की कार, की सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों की भारी आमद देखी जा रही है, लेकिन साथ ही कुछ पर्यटक नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। नैनीताल जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां हरियाणा से आए पर्यटकों द्वारा चलती कार में खतरनाक स्टंट किए गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में देखा गया कि कुछ युवक-युवतियां चलती कार की सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे हैं। यह घटना नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर ज्योलिकोट के पास की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने तुरंत हरकत में आकर हरियाणा नंबर की कार को जब्त कर लिया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कार चालक को अपनी गलती स्वीकार कर माफी भी मांगनी पड़ी।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग और स्टंटबाजी जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई करें।

नैनीताल पुलिस ने बाहर से आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे उत्तराखंड में यात्रा करते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें और ऐसे किसी भी कृत्य से बचें जो जानलेवा हो सकता है या देवभूमि की गरिमा को ठेस पहुंचाए। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment