देहरादून: राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित किशनपुर जाखन में एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रोटविलर नस्ल के दो पालतू कुत्तों ने मंदिर जा रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़िता कौशल्या देवी रोजाना की तरह रविवार तड़के 4 बजे मंदिर जा रही थीं, तभी मोहम्मद जैद नामक व्यक्ति के घर से छूटे खतरनाक कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते करीब आधे घंटे तक महिला को नोंचते रहे। इस दौरान उनके हाथ और कान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि सिर, पीठ और कमर पर भी गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से महिला को कुत्तों से छुड़ाया गया और परिजन तुरंत उन्हें दून अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पीड़िता के बेटे उमंग निर्वाल ने राजपुर थाने में कुत्तों के मालिक मोहम्मद जैद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि उक्त कुत्ते पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुके हैं, लेकिन मालिक ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया।
राजपुर थाना प्रभारी सैंकी कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि रोटविलर नस्ल के कुत्ते अपने आक्रामक स्वभाव के लिए जाने जाते हैं और कई देशों में प्रतिबंधित भी हैं। भारत में फिलहाल इस संबंध में कोई ठोस कानून नहीं है, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
