देहरादून: उत्तराखंड में खेल अधोसंरचना को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। बीसीसीआई अब देहरादून के दुधली गांव में अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित नया क्रिकेट स्टेडियम बनाने जा रहा है। उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन (CAU) की टीम और बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर आशीष भौमिक द्वारा चयनित लगभग 50 बीघा भूमि पर यह भव्य स्टेडियम तैयार किया जाएगा।
उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सेक्रेटरी महिम वर्मा ने जानकारी दी कि यह स्टेडियम करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा और अगले एक साल में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में मैदान और ड्रेसिंग रूम तैयार किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में क्लब हाउस और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
महिम वर्मा ने बताया कि उत्तराखंड की टीमों का प्रदर्शन बीते वर्षों में लगातार बेहतर हुआ है। प्रदेश में पहले से मौजूद राजीव गांधी इंटरनेशनल और अभिमन्यु क्रिकेट स्टेडियम के साथ यह नया स्टेडियम तीसरा विकल्प बनेगा, जिससे बड़े टूर्नामेंट जैसे मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी की मेजबानी में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) की साझेदारी में किया जाएगा। पिच क्यूरेटर की रिपोर्ट के बाद बीसीसीआई के वेंडर और आर्किटेक्ट साइट विजिट करेंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।
