Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में देर रात यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्रों को शरारत पड़ी भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार, PG संचालक पर भी हुई कार्रवाई

देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित बिधौली इलाके में बीती रात हुड़दंग मचाते तीन छात्रों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। ये तीनों छात्र बिधौली स्थित एक यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं और हरियाणा व पटना से देहरादून आए हैं। पुलिस ने उनके परिजनों की मौजूदगी में काउंसलिंग कराई और यूनिवर्सिटी को उनके खिलाफ कार्रवाई हेतु रिपोर्ट भेज दी है।

पुलिस ने जानकारी दी कि प्रेमनगर थाने की टीम ने रात के समय शांति भंग करने की सूचना पर कार सवार तीन युवकों को पकड़ा। पकड़े गए छात्रों की पहचान पारस (यमुनानगर, हरियाणा), अंकुश (पटना, बिहार) और मंदीप (करनाल, हरियाणा) के रूप में हुई है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।

प्रेमनगर थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि छात्रों के रहने की व्यवस्था जिस पीजी में की गई थी, उसका सत्यापन नहीं कराया गया था। इस लापरवाही पर पीजी संचालक पर पुलिस ने 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया है और 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया है।  पुलिस ने बताया कि जनपद में नशामुक्त कैंपस और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कानून का उल्लंघन करने वाले बाहरी छात्रों पर सख्त निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment