13 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन.
अब तक 13,35,000 से अधिक भक्त बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, यात्रा में लगातार हो रही है बढ़ोतरी।
कांवड़ियों की बढ़ती आमद से धाम में लौटी रौनक.
देशभर से कांवड़िए गंगाजल लेकर बाबा केदार को अर्पित करने पहुंच रहे हैं, सोमवार को भारी भीड़ उमड़ी।
रुद्रप्रयाग: रुद्रप्रयाग जिले में स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम में सावन के आगमन के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त इजाफा देखने को मिल रहा है। खास तौर पर कांवड़ यात्रियों का रुख अब केदारनाथ की ओर बढ़ गया है। सोमवार को धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर जलाभिषेक किया, जिससे यात्रा मार्गों और धाम में एक बार फिर रौनक लौट आई है।
अब तक 13 लाख 35 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। कांवड़िए विभिन्न स्थानों से गंगाजल लेकर बाबा को अर्पित करने पहुंच रहे हैं। तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव को ब्रह्म कमल अर्पित करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है, और श्रद्धालु इसी भावना से धाम पहुंच रहे हैं।
हालांकि बीते दिनों भारी बारिश के चलते सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटर मार्ग और केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन के कारण अवरोध पैदा हो रहे थे, लेकिन अब मौसम ने कुछ राहत दी है। बारिश थमी नहीं है, पर दिन में धूप खिलने से यात्रा जारी है और श्रद्धालुओं का आवागमन बना हुआ है।
प्रशासन और पुलिस विभाग भी यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। मौसम विभाग द्वारा लगातार अलर्ट जारी किए जा रहे हैं, जिसके चलते डेंजर ज़ोनों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यात्रा फिलहाल सुरक्षित रूप से संचालित हो रही है।
