देहरादून: उत्तराखंड में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के विद्यालयी शिक्षा विभाग द्वारा समग्र शिक्षा योजना के तहत स्वीकृत 1556 संविदा पदों को जल्द भरने की तैयारी की जा रही है। ये भर्तियां आउटसोर्स प्रक्रिया के माध्यम से की जाएंगी।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू करने के लिए इन पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाएगी। विभाग ने प्रयाग पोर्टल के माध्यम से आउटसोर्स एजेंसी का चयन कर लिया है।
इन पदों में शामिल हैं:
161 विशेष शिक्षक
324 लेखाकार एवं सहायक कर्मचारी
95 कॅरियर काउंसलर
18 विद्या समीक्षा केंद्र पद
1-1 मनोविज्ञानी, ICT मैनेजर और ट्रेनिंग मैनेजर
भर्ती मेरिट के आधार पर की जाएगी और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि एक माह के भीतर यह प्रक्रिया पूरी की जाए।
डॉ. रावत ने आगे जानकारी दी कि बीआरपी-सीआरपी के 955 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। फिलहाल, राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू है, लेकिन इसके समाप्त होते ही चयनित अभ्यर्थियों को तैनाती दे दी जाएगी। शिक्षा मंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि आउटसोर्स एजेंसी काउंसलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखे और चयनित उम्मीदवारों को उनके मंडल और गृह विकासखंड के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर तैनाती दी जाए।
