33 साल के करियर में पहली बार मिला नेशनल फिल्म अवार्ड, SRK ने देशभर से मिली बधाइयों पर जताया आभार, साउथ से लेकर राजनीति जगत तक की हस्तियों ने दी शुभकामनाएं.
हैदराबाद/मुंबई: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के लिए यह साल बेहद खास साबित हो रहा है। पहली बार उन्हें नेशनल फिल्म अवार्ड से नवाज़ा गया है और वह भी बेस्ट एक्टर के खिताब के रूप में, फिल्म ‘जवान’ के लिए। तीन दशक से अधिक लंबे करियर में यह उनका पहला नेशनल अवार्ड है, और इसे लेकर शाहरुख बेहद भावुक और आभारी नजर आए।
मन्नत (उनका घर) इस ऐतिहासिक जीत के जश्न का केंद्र बन गया है। सोशल मीडिया पर शाहरुख को बधाइयों का तांता लग गया है। दिलचस्प बात यह है कि शाहरुख ने हर बधाई देने वाले को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद कहा है – चाहे वह फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारे हों या राजनीति जगत की जानी-मानी हस्तियां।

साउथ के सुपरस्टार्स ने बढ़ाया मान:
पुष्पा फेम अल्लू अर्जुन ने लिखा, “शाहरुख खान जी को ‘जवान’ के लिए नेशनल अवार्ड जीतने की दिल से बधाई। आप इसे डिजर्व करते थे।”
इस पर SRK ने जवाब दिया, “धन्यवाद अर्जुन जी, आपकी ताकत और फायर प्रेरणादायक है।”
मोहनलाल, मलयालम सिनेमा के दिग्गज ने भी बधाई दी, जिस पर शाहरुख बोले, “सर, आपके साथ एक शाम बिताकर जादू की झप्पी लेना चाहता हूं।”
कमल हासन ने ‘जवान’ के साथ-साथ ‘12वीं फेल’ और विक्रांत मैसी को भी सराहा, जिस पर SRK ने लिखा, “आपका स्नेह मेरे लिए अनमोल है, सर। आप सदा प्रेरणा स्रोत रहे हैं।”
एटली के लिए शाहरुख ने लिखा, “मास्टर, तुम्हारे विजन के लिए धन्यवाद। अगले गाने में और ज्यादा डांस करेंगे!”
संगीत सम्राट ए.आर. रहमान ने भी शाहरुख को “लीजेंड” कहकर बधाई दी, जिस पर SRK ने लिखा, “आप जैसा कोई नहीं, मास्टर।”
राजनीति जगत से शुभकामनाएं:
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शाहरुख की इस जीत पर कहा, “आप लंबे समय से इसके हकदार थे।”
जवाब में शाहरुख ने लिखा, “राजीव जी, शुक्रिया, आप ऐसे ही चमकते रहें।”
रवि किशन, भोजपुरी अभिनेता और सांसद ने लिखा, “आप इसे डिजर्व करते थे।”
SRK ने उन्हें प्यार भेजते हुए कहा, “भाई, बहुत धन्यवाद।”
शशि थरूर सहित कई नेताओं ने भी SRK की सफलता की सराहना की।
बॉलीवुड और मीडिया जगत से प्रतिक्रियाएं:
राहुल ढोलकिया, विवेक वासवानी, मुकेश छाबड़ा, डब्बू रतनानी, शिल्पा राव, रितेश देशमुख, रिद्धी डोगरा, सोनू सूद और गौरी खान तक ने SRK की इस ऐतिहासिक जीत को सेलिब्रेट किया।
शाहरुख की विनम्रता और हर बधाई का जवाब देने की उनकी आदत ने एक बार फिर दिल जीत लिया। 33 साल का इंतज़ार आखिरकार खत्म हुआ, और शाहरुख ने साबित कर दिया कि मेहनत और धैर्य का फल आखिरकार मीठा होता है।

