ओवल टेस्ट का चौथा दिन खराब रोशनी और बारिश के कारण जल्दी समाप्त, इंग्लैंड को 35 रन की जरूरत, भारत को 4 विकेट, मौसम भी बनेगा निर्णायक फैक्टर.
IND vs ENG 5th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की रोमांचक टेस्ट श्रृंखला अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। ओवल में खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टेस्ट के चौथे दिन खराब रोशनी और बारिश के कारण खेल समय से पहले समाप्त कर दिया गया, लेकिन इससे पहले मैदान पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला।
चौथे दिन का खेल जब रुका, तब इंग्लैंड 6 विकेट पर 339 रन बनाकर लक्ष्य से मात्र 35 रन दूर था, जबकि भारत को जीत के लिए अभी भी 4 विकेट की जरूरत है। इस टेस्ट का पांचवां दिन अब दोनों टीमों के लिए “करो या मरो” की स्थिति लेकर आया है।
रूट-ब्रुक की शानदार साझेदारी
इंग्लैंड की ओर से जो रूट और हैरी ब्रुक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की। रूट ने 152 गेंदों में 105 रन बनाकर अपना 39वां टेस्ट शतक पूरा किया, जबकि ब्रुक ने 98 गेंदों में 111 रन जड़ते हुए मोहम्मद सिराज द्वारा मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाया।
भारत की वापसी
जब इंग्लैंड की जीत लगभग तय मानी जा रही थी, तब भारत के तेज गेंदबाजों ने पलटवार किया। प्रसिद्ध कृष्णा ने रूट और जैकब बेथेल को आउट कर भारत को मैच में वापस ला खड़ा किया। बादलों की मौजूदगी में गेंदबाजों को स्विंग मिलने लगी और स्मिथ व ओवरटन जैसे नए बल्लेबाजों को संघर्ष करना पड़ा।
बारिश बनी बाधा
भारत जब लय पकड़ रहा था, तभी बारिश ने दखल दे दिया और चौथे दिन का खेल समय से पहले खत्म कर दिया गया। इंग्लैंड का स्कोर 339/6 था और क्रिस वोक्स, जो चोट के बाद तैयार दिख रहे थे, बैटिंग के लिए ड्रेसिंग रूम में टहलते नजर आए।
5वें दिन का मौसम रहेगा निर्णायक
मौसम विभाग (AccuWeather) की मानें तो सुबह के सत्र में बारिश नहीं होगी, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद 60% बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय टीम के पास नई गेंद होगी और सुबह के बादल भरे माहौल में गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है।
अब देखना यह है कि भारत कोई चमत्कारी वापसी करता है या इंग्लैंड इतिहास रचते हुए 3-1 से सीरीज अपने नाम करता है। रोमांच चरम पर है, मौसम और मानसिकता दोनों ही 5वें दिन के परिणाम को तय करेंगे।
