6 रन से रोमांचक जीत, सिराज की गेंदबाज़ी से पलटा मैच, ICC ने इंग्लैंड पर लगाए पेनल्टी अंक.
लंदन: भारत ने लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड को 6 रनों से हराकर न केवल सीरीज को 2-2 से बराबरी पर खत्म किया, बल्कि ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। भारत अब 5 मैचों में 28 अंक और 46.67 PCT के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि इंग्लैंड 26 अंक और 43.33 PCT के साथ चौथे स्थान पर खिसक गया।
मैच का रोमांच अंतिम दिन चरम पर था, जब इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन चाहिए थे और उसके चार विकेट शेष थे। लेकिन मोहम्मद सिराज की अगुवाई में भारतीय गेंदबाज़ों ने ज़बर्दस्त वापसी की। सिराज ने 5 विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी समेट दी और भारत को उसकी टेस्ट इतिहास की रनों के लिहाज़ से सबसे कम अंतर से जीत दिला दी।
ICC की पेनल्टी से पिछड़ा इंग्लैंड
दोनों टीमों ने सीरीज में 5-5 मैच खेले और 2-2 जीते, लेकिन इंग्लैंड अंक तालिका में भारत से पीछे इसलिए चला गया क्योंकि लॉर्ड्स टेस्ट में धीमी ओवर गति के चलते ICC ने इंग्लैंड पर 2 अंक की पेनल्टी लगाई थी। इसी वजह से उनके कुल अंक 28 से घटकर 26 हो गए।
WTC पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर

इस समय ऑस्ट्रेलिया 3 मैचों में 36 अंक और 100 प्रतिशत PCT के साथ पहले स्थान पर है। श्रीलंका 16 अंकों और 66.67 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत तीसरे, इंग्लैंड चौथे और बांग्लादेश 4 अंकों और 16.67 PCT के साथ पांचवें स्थान पर है।
वेस्टइंडीज अब तक खेले तीनों मैच हारकर अंक विहीन है और छठे स्थान पर है। न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और गत विजेता दक्षिण अफ्रीका ने अब तक इस चक्र की शुरुआत नहीं की है।
