फोन पर दी थी मारपीट की सूचना, दो दिन से नहीं हो रहा था संपर्क; चेहरे और गले पर मिले चोट के निशान
रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे के नबी कॉलोनी क्षेत्र में एक बंद मकान से नवविवाहिता का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान जेबा खानम उर्फ मोना के रूप में हुई है, जिसकी शादी जनवरी 2025 में मुजफ्फरनगर निवासी समीर उर्फ राजा से हुई थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि मकान से बदबू आ रही है। सूचना पाकर पहुंची मंगलौर पुलिस ने मकान का ताला तुड़वाकर जब भीतर प्रवेश किया तो वहां जेबा का शव पड़ा मिला। शव के चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।
मृतका की बहन तरन्नुम ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले जेबा ने उसे फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हो रही है और उसकी जान को खतरा है। इसके बाद से बहन और बहनोई दोनों का फोन बंद आ रहा था। शक होने पर तरन्नुम सोमवार देर शाम मंगलौर पहुंची, जहां मकान बंद मिला और कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मकान में शव के गले पर निशान मिले हैं और चेहरा बुरी तरह खराब हालत में है। मृतका के पति की तलाश की जा रही है जो फरार है। तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। अनुमान है कि महिला की मौत को करीब 50 घंटे बीत चुके हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

