Udayprabhat
uttrakhand

मुख्यमंत्री धामी ने धराली में आपदा प्रभावितों से की मुलाकात, राहत कार्यों का लिया जायजा

400 से अधिक यात्रियों का हुआ रेस्क्यू, पुनर्निर्माण कार्यों को लेकर सरकार गंभीर.

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तरकाशी जनपद के आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने सर्च और रेस्क्यू अभियानों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से भी संवाद किया और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा में क्षतिग्रस्त हुई परिसंपत्तियों और फसलों के नुकसान का तत्काल आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाए, जिससे प्रभावितों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत कार्यों को प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आपदा के चलते फंसे 400 से अधिक यात्रियों को रेस्क्यू कर चिनूक और हैली हेलिकॉप्टरों की सहायता से सुरक्षित उत्तरकाशी और देहरादून पहुंचाया गया है। सरकार की प्राथमिकता सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आवश्यक संसाधनों की बहाली है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र में बिजली, पानी और इंटरनेट कनेक्टिविटी बहाल कर दी गई है। कई जगहों पर सड़कों को युद्धस्तर पर ठीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां सड़कें पूरी तरह से ध्वस्त हो गई हैं, वहां वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जा रहे हैं ताकि आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आए।

धराली के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र के पुनर्निर्माण की मांग रखी। उन्होंने आग्रह किया कि धराली का पुनर्निर्माण कार्य केदारनाथ धाम की तर्ज पर किया जाए, जिससे क्षेत्र को एक नई पहचान और मजबूती मिल सके। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार धराली के पुनर्निर्माण को लेकर गंभीर है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री के साथ जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए हर ज़रूरतमंद तक मदद पहुँचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी के दौरे से धराली के निवासियों में राहत की उम्मीद जगी है और उन्हें विश्वास है कि सरकार इस संकट के समय में उनके साथ है।

Leave a Comment