Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

Dia Mirza: दीया मिर्जा को मिला 2025 शक्ति पुरस्कार, मां को समर्पित किया सम्मान

Shakti Award 2025: बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा को 2025 शक्ति पुरस्कार से नवाजा गया है। इस पुरस्कार को प्राप्त करने के बाद दीया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए यह सम्मान अपनी मां दीपा मिर्जा को समर्पित किया। उन्होंने अपनी मां को अपनी पहली शक्ति और प्रेरणा का स्रोत बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

दीया ने इंस्टाग्राम पर मंच से अपनी एक तस्वीर साझा की और लिखा, “कल रात, जब मैं मंच पर थी, मुझे अपनी मां की याद आई। वह मेरी पहली प्रेरणा थीं। वह सिर्फ ताकत के लिए नहीं, बल्कि दया, हिम्मत, शांति और बार-बार उठने के साहस के लिए हमेशा मेरी मार्गदर्शक रहीं।

मां को समर्पित भावुक संदेश

अपने पोस्ट में दीया ने स्पष्ट किया कि एक महिला की असली शक्ति उसके भीतर छिपी होती है। उन्होंने लिखा, “शक्ति वह ऊर्जा है, जो हर महिला में होती है – वह जो सपने देखती है, जीवन को बेहतर बनाती है, अपनी बात पर अडिग रहती है, और कठिन रास्तों पर भी बिना रुके चलती है।”

शशि थरूर के हाथों मिला सम्मान

दीया मिर्जा को यह पुरस्कार प्रसिद्ध लेखक, सांसद और पूर्व संयुक्त राष्ट्र राजनयिक डॉ. शशि थरूर के हाथों प्रदान किया गया। इस अवसर पर कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं जिनमें शबाना आजमी, एकता कपूर, नेहा धूपिया, सुरवीन चावला और पूर्णिमा देवी बर्मन जैसी प्रेरणादायक महिलाएं शामिल थीं।

दीया ने इस पल को गर्व और आत्मसम्मान का क्षण बताया। उन्होंने लिखा, “उन सभी महिलाओं के साथ खड़ा होना, जो समाज को बेहतर बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यरत हैं, मेरे लिए एक सौभाग्य की बात है। यह पुरस्कार सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि हर उस महिला का है जो अपने सच को जीती है, दूसरों को प्रेरित करती है और अपनी असीम ऊर्जा को पहचानती है।

सामाजिक कार्यों के लिए भी होती रही हैं सराही गईं

दीया मिर्जा सिर्फ एक सफल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और सामाजिक मुद्दों पर अपनी सक्रिय भूमिका के लिए भी जानी जाती हैं। संयुक्त राष्ट्र की पर्यावरण सद्भावना राजदूत के रूप में उन्होंने जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण और जैव विविधता संरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर काम किया है।

शक्ति पुरस्कार केवल दीया की फिल्मी उपलब्धियों का नहीं, बल्कि उनके सामाजिक योगदान, मानवीय मूल्यों और प्रेरणादायक जीवन यात्रा का सम्मान है। उनका यह सफर लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

Leave a Comment