देहरादून: थाना रानीपोखरी पुलिस ने निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो नेपाली मूल के युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पानी की मोटर, अष्टधातु की मूर्ति और नकदी बरामद की।
घटना 11 अगस्त 2025 की है, जब वादी तेजपाल सिंह कृषाली निवासी कुडियाल, थानों, रानीपोखरी ने तहरीर दी कि अज्ञात चोरों ने उनके रामनगर डांडा, थानों स्थित निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर भीतर रखी कीमती मूर्ति, पानी की मोटर और नकदी चोरी कर ली। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पूर्व में चोरी के मामलों में प्रकाश में आए व्यक्तियों का सत्यापन किया। 13 अगस्त को चेकिंग के दौरान सूर्यधार रोड तिराहे पर एक संदिग्ध पल्सर बाइक (UK-07-AU-7188) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन सवार भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों ने अपना नाम जनक राज (25) पुत्र कृष्णा राज और अमित कुमार (25) पुत्र मोहन लाल, दोनों मूल निवासी नेपाल, बताया। सख्ती से पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि वे रानीपोखरी क्षेत्र में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने मकान में घुसकर चोरी की थी।
पुलिस ने उनके पास से किर्लोस्कर कंपनी की पानी की मोटर, एक अष्टधातु की मूर्ति, 1,810 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि नशे की लत अपराध का बड़ा कारण बन रही है, जिससे स्थानीय लोग सतर्क रहने की अपील की गई है।
