Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

हरबर्टपुर में नशेड़ी बेटे ने मां की गला दबाकर हत्या, शव जलाया, 30 हजार लूटकर फरार, पुलिस ने कुल्हाल से किया गिरफ्तार

देहरादून: विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के हरबर्टपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे के आदी एक युवक ने पैसों के लिए अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की। घटना 2 अगस्त 2025 की सुबह की है, जब वादी संजय सिंह राणा अपनी ड्यूटी पर आसन बैराज गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें घर में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो उनकी पत्नी जली हुई हालत में मृत पड़ी थी, जबकि उनका बेटा मनमोहन सिंह गायब था।

पुलिस जांच में सामने आया कि 31 वर्षीय मनमोहन सिंह नशे का आदी है और पैसों के लिए अक्सर मां से विवाद करता था। घटना वाले दिन भी उसने नशे के लिए पैसे मांगे, लेकिन मां के इंकार करने और घर से बाहर न जाने देने पर वह भड़क गया। गुस्से में उसने पाटल से गर्दन पर वार कर मां की हत्या कर दी, फिर शव को गद्दे में लपेटकर कमरे में आग लगा दी। वारदात के बाद वह घर से 30 हजार रुपये और कपड़े लेकर पल्सर बाइक से फरार हो गया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर टीम गठित कर सुरागरसी, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस के जरिए अभियुक्त की तलाश शुरू की। 13 अगस्त को पुलिस ने मनमोहन को कुल्हाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की गई नगदी बरामद हुई। अभियुक्त की निशानदेही पर ढालीपुर से घटना में प्रयुक्त पाटल भी मिला।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मनमोहन का आपराधिक इतिहास है। वह 2020 और 2023 में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। वर्तमान में पुलिस उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है। यह घटना नशे की लत से उत्पन्न पारिवारिक त्रासदी का भयावह उदाहरण है।

Leave a Comment