Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेहरादून

79वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में देशभक्ति की गूंज, देहरादून परेड ग्राउंड में सीएम धामी ने फहराया तिरंगा- INDEPENDENCE DAY

देहरादून: उत्तराखंड में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।

सीएम धामी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के नायकों, शहीद राज्य आंदोलनकारियों और बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आजादी हमें यूं ही नहीं मिली, इसके लिए अनगिनत वीरों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनता की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि उत्तराखंड को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने भी प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर उन सभी अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने सचिवालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों को राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी। मुख्य सचिव ने कहा कि यह दिन हमें उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के बलिदान, साहस और समर्पण की याद दिलाता है, जिन्होंने हमें आजादी का अनमोल उपहार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

कार्यक्रमों में प्रदेशभर के विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में भी ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरियां आयोजित की गईं। मातृशक्ति और युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से पूरे राज्य में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

Leave a Comment